बड़ौद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में 9 से 17 अगस्त तक चलाए जा रहे हर घर तिरंगा एवं तिरंगा यात्रा अभियान के तहत बुधवार को बड़ौद नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में स्कूली विद्यार्थियों, शासकीय कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से नगर का माहौल राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया।
तिरंगा यात्रा सुबह 11 बजे नगर परिषद कार्यालय से प्रारंभ हुई। भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों के साथ निकली यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों एवं बाजारों से होते हुए गांधी चौक पहुंची। यहां संक्षिप्त सभा के बाद राष्ट्रगान के साथ यात्रा का समापन किया गया।
नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
यात्रा के दौरान नगरवासियों में भी खासा उत्साह नजर आया। प्रमुख मार्गों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। विद्यार्थियों के हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया। यात्रा के माध्यम से नागरिकों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया गया।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
तिरंगा यात्रा में जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जसपाल सिंह परिहार, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि सचिन लववंशी, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि लाल सिंह राजपूत, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह परिहार, चंद्रेश शर्मा, रामनारायण देवड़ा और सूरज सिंह झलारा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रशासन की ओर से तहसीलदार रामकृष्ण अहिरवार, थाना प्रभारी रूप सिंह बेस, मुख्य नगरपालिका अधिकारी शोभाराम परमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। यात्रा ने नगर में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया।
