सड़क पर बैठे गोवंश के गले में बांधे रेडियम बेल्ट, दुर्घटनाओं पर लगेगा अंकुश
आगर-मालवा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से एक दिन पूर्व आगर पुलिस ने गोवंश की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से विशेष अभियान ‘गौ कवच’ शुरू किया। पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में शुरू किए गए इस अभियान के तहत सड़क पर बैठने वाले गोवंश के गले में रेडियम बेल्ट पहनाए जा रहे हैं।
अभियान का उद्देश्य रात के समय सड़कों पर बैठे गोवंश को वाहन चालकों को दूर से ही स्पष्ट रूप से दिखाई देना है। कई बार अंधेरे में सड़क पर बैठे गोवंश दिखाई नहीं देने के कारण दुर्घटनाएं हो जाती हैं। रेडियम बेल्ट वाहन की रोशनी पड़ने पर सड़को पर बैठे गौवंश दिखाई देंगे।।जिससे राहगीर और वाहन चालक समय रहते सतर्क हो सकेंगे।
आगर पुलिस के इस अभियान के तहत सड़क पर बैठे प्रत्येक गोवंश के गले में रेडियम बेल्ट लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे एक ओर जहां गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, वहीं राहगीरों और वाहन चालकों को भी सड़क दुर्घटनाओं से बचाने में मदद मिलेगी।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के प्रिय गोवंश के संरक्षण और सुरक्षा के लिए पुलिस की यह पहल सामाजिक सरोकार का संदेश भी दे रही है। इस दौरान यातायात थाना प्रभारी सौरभ सिंह चौहान ओर अन्य पुलिस कर्मी भी इस अभियान के दौरान मौजूद रहे।
