कलेक्टर डॉ. मीना ने दिए निर्देश, दुर्घटना में घायलों को त्वरित उपचार के लिए बनेगा आपातकालीन चिकित्सा प्लान
आगर-मालवा। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए सड़क सुरक्षा ऑडिट कराया जाएगा। इसके लिए सभी निर्माण विभागों को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा टास्क फोर्स गठित करने और सड़क सुरक्षा प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। यह निर्देश कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग, मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा प्लान तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही आरटीओ को ई-डार पोर्टल पर सड़क दुर्घटनाओं की विस्तृत रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कहा।
1350 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर लगाए रिफ्लेक्टर
कृषि उपज मंडी में आने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर सुरक्षा की दृष्टि से रेडियम रिफ्लेक्टर लगवाने के निर्देश मंडी सचिव को दिए गए। सचिव ने बताया कि अब तक 1350 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर निशुल्क रिफ्लेक्टर लगाए जा चुके हैं। यह कार्य लगातार जारी है। कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों से हाईवे को जोड़ने वाले जंक्शन प्वाइंट के आसपास की झाड़ियां तत्काल हटवाने के निर्देश भी दिए। हाईवे के दोनों ओर नियंत्रण क्षेत्र की जमीन पर अवैध अतिक्रमण रोकने और सड़क किनारे के क्षेत्र को सुरक्षित रखने के लिए कहा।
दुर्घटना पीड़ितों के उपचार के लिए बनेगा प्लान
कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए आपातकालीन चिकित्सा प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। इसमें अस्पतालों के नाम, संपर्क नंबर और मरीजों को दूसरे अस्पताल में भेजने की व्यवस्था की जानकारी शामिल करने को कहा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को हाईवे पर दो एंबुलेंस की तैनाती ऐसे स्थानों पर करने के निर्देश दिए, जहां से जिले की सीमा में दुर्घटना होने पर तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके।
उन्होंने सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और राहवीर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए, ताकि सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर मदद मिल सके।
स्कूल बसों और अन्य वाहनों की होगी फिटनेस जांच
कलेक्टर ने आरटीओ को मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। स्कूल बसों, टाटा मैजिक और अन्य वाहनों की सुरक्षा के लिहाज से फिटनेस जांच करने को भी कहा।
सब्जी मंडी में यातायात बाधित करने वालों पर होगी कार्रवाई
आगर की सब्जी मंडी में मुख्य मार्ग पर हाथठेले लगाकर सब्जी बेचने से यातायात बाधित होने की समस्या पर भी बैठक में चर्चा हुई। कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को अतिक्रमण विरोधी दस्ते की तैनाती कर सड़क पर ठेले लगाने वालों को रोकने के निर्देश दिए। साथ ही सब्जी विक्रेताओं को सड़क के दोनों ओर निर्धारित किनारों पर ठेले लगाकर व्यवसाय करने के लिए पाबंद करने को कहा।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री, राष्ट्रीय राजमार्ग के इंजीनियर अजय मालवीय, शहरी विकास परियोजना अधिकारी कुशाल सिंह डुडवे, मंडी सचिव सिन्हा सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
