जल गंगा संवर्धन अभियान के सभी कार्य समय पर पूर्ण करें- संभागायुक्त गुप्ता |

आगर मालवा 
संभागायुक्त गुप्ता ने आगर मालवा जिले में ली समीक्षा बैठक ली |
संभाग आयुक्त उज्जैन  संजय गुप्ता ने आज आगर मालवा जिले में पहुंचकर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत  नंदा भलावे कुशरे द्वारा विभागीय योजनाओं का प्रस्तुतिकरण दिया गया।
संभागायुक्त  गुप्ता ने जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत जिले में प्रचलित कार्यों की समीक्षा कर डगवेल रिचार्ज, अमृत सरोवर, पोंड निर्माण, हैंडपंप रिचार्ज पीट आदि की जानकारी लेकर 30 जून तक पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में संचालित गौशालाओं की समीक्षा कर निर्देशित किया कि जिले की गौशालाओं में क्षमता अनुसार गोवंश रखे जाएं। बारिश के समय गौवंश सड़क पर नहीं रहे, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए।
संभागायुक्त  गुप्ता ने जिले में महिला स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित टोल प्लाजा, पशु आहार निर्माण इकाई, उपार्जन केंद्र आदि कार्यां की प्रशंसा की तथा निर्देश दिए की स्व सहायता समूह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु अधिक से अधिक बैंक लिंकेज करवाए। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम, प्रधानमंत्री आवास योजना, लंबित ऑडिट कंडिकाए आदि की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में कलेक्टर  राघवेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक  विनोद कुमार सिंह, ज्वाइन कमिश्नर आर के वर्मा, उपसंचालक कमिश्नरी कीर्ति मिश्रा,जिला पंचायत सीईओ  नंदा भलावे कुशरे, जनपद पंचायत सीईओ जितेंद्र सिंह सेंगर सहित जिला पंचायत के सभी अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live