बड़ोद में उड़ान क्लब द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन, 50 यूनिट से अधिक रक्त एकत्रित |
बड़ोद (आगर मालवा): | नगर में सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय उड़ान क्लब द्वारा 31 जुलाई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ोद में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया और स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा में अपना अमूल्य योगदान दिया।
रक्त संग्रह की प्रक्रिया जिला चिकित्सालय आगर की ब्लड बैंक टीम द्वारा सम्पन्न की गई। आयोजन के दौरान 50 यूनिट से अधिक रक्त एकत्रित किया गया, जो ज़रूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य की ओर एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम में नगर के कई गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। विशेष रूप से युवा युसूफ हुसैन ने यह बताते हुए 30वीं बार रक्तदान किया, वहीं हरीश खोचें ने 20वीं बार रक्तदान कर युवाओं के लिए प्रेरणा का कार्य किया। साथ ही, पुलिस विभाग के कर्मचारियों ने भी शिविर में भाग लेकर समाज सेवा में भागीदारी निभाई।
सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। नगरवासियों ने इस सराहनीय पहल की मुक्त कंठ से प्रशंसा की और युवाओं की इस भावना को प्रेरणास्रोत बताया।
उड़ान क्लब ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
“रक्तदान – महादान” का संदेश लेकर संपन्न हुआ यह शिविर, समाज में सहयोग, समर्पण और संवेदनशीलता की एक सशक्त मिसाल बन गया।
