स्वच्छता सेवा अभियान अंतर्गत होम कंपोस्ट प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित |
आगर-मालवा/ स्वच्छता सेवा अभियान के अंतर्गत आज नगर पालिका परिषद आगर द्वारा वार्ड क्रमांक 21 में महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए होम कंपोस्ट प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नगर पालिका अध्यक्ष नीलेश जैन पटेल एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी कुशल सिंह डोडवे के निर्देशन तथा वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अर्जुन गवली की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में सहयोगी संस्था एसके मैनेजमेंट सर्विस की टीम द्वारा महिलाओं को घरेलू कचरे से जैविक खाद (होम कंपोस्ट) तैयार करने की विधि और उसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही मार्केट जाते समय प्लास्टिक बैग के बजाय कपड़े के थैले उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका द्वारा कपड़े के थैले भी वितरित किए गए, जिन्हें स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किया गया है।
कार्यक्रम में नगर पालिका के स्वच्छता निरीक्षक बसंत डुलगंज, एसके वेस्ट मैनेजमेंट से सूरज चौहान, हेमंत बैरागी, अनीता पांचाल एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य नगर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना था।