सब्जियों के दामों में उछाल, 10 दिन में 20रु से अधिक की बढ़ोतरी, रसोई का बजट बिगड़ा !

कानड़। त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले सब्जियों के दामों में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। बीते 10 दिनों में लगभग सभी प्रमुख सब्जियों के दामों में 20 प्रति किलो या उससे अधिक की वृद्धि हुई है। आम आदमी की रसोई का बजट अब पूरी तरह से गड़बड़ा गया है।

स्थानीय सब्जी मंडी में खेरची भाव शनिवार , रविवार को टमाटर 40 किलो, गिलखी 60 किलो, फूल गोभी 80 किलो, मेथी 140 किलो, भिंडी 60 किलो, बैंगन 40 किलो, पत्ता गोभी 40 किलो, ककड़ी 30 किलो, चवला फनी 60 किलो बिकती नजर आई

सब्जी विक्रेताओं के अनुसार, पिछले हफ्ते तक टमाटर 40 किलो, भिंडी 40 किलो, फूल गोभी 60 किलो, और पत्ता गोभी 30 किलो तक बिक रही थी। लेकिन अब कीमतों में लगातार तेजी आ रही है।

कारण क्या है दाम बढ़ने का

व्यापारियों का कहना है कि मौसम में आई अनियमितता ओर जो सब्जी बाहर पैदा हो रही उसकी आवक कम होने से भाव बढ़े हे। साथ ही खेतों में तैयार फसल पर रोग और कीट का असर भी देखने को मिला है। वहीं, त्योहारी मांग बढ़ने से थोक बाजारों में दाम बढ़े हैं, जिसका असर खुदरा बाजार तक पहुंच गया है।

आम जनता परेशान-

शहर की गृहिणी भावना आर्य, कविता शर्मा, खुशबू शर्मा कहती हैं, कि हर रोज सब्जी लेना मुश्किल हो गया है। पहले 100 रु में तीन-चार सब्जियां आ जाती थीं,अब एक-दो ही आ पाती हैं।
वहीं, सब्जी विक्रेता जितेंद्र माली, पंकज माली महेश, राजेश ने बताया कि हम भी मजबूर हैं। मंडी से ही दाम बढ़े हुए आ रहे हैं। अगर जल्द ही आपूर्ति नहीं बढ़ी तो आने वाले दिनों में और दाम बढ़ सकते हैं।

त्योहार से पहले और बढ़ सकती हैं कीमतें-

आपूर्ति में कमी और मांग में तेजी को देखते हुए व्यापारियों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में मेथी, गोभी और टमाटर जैसी सब्जियां और महंगी हो सकती हैं। इससे दीपावली के पहले उपभोक्ताओं की जेब पर और बोझ बढ़ने की संभावना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live