मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश की 1.26 करोड़ लाड़ली बहनों को 1541 करोड़ की राशि दी |

आगर जिले की 1 लाख 17 हजार से अधिक लाड़ली बहनों को 14 करोड़ 30 लाख रुपए का लाभ

आगर-मालवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को श्योपुर जिले में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेश की 1 करोड़ 26 लाख 86 हजार बहनों के खातों में 29वीं किस्त के रूप में 1541 करोड़ रुपए की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की।
इस अवसर पर आगर जिले की 1,17,211 लाड़ली बहनों को 14 करोड़ 30 लाख 9 हजार 950 रुपए की राशि सीधे उनके बैंक खातों में प्राप्त हुई।

कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिले की सभी नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में किया गया, जहाँ बहनों ने सामूहिक रूप से मुख्यमंत्री का संबोधन सुना और कार्यक्रम में सहभागिता की। महिलाओं ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार जताते हुए कहा कि लाड़ली बहना योजना से न सिर्फ आर्थिक सशक्तिकरण हुआ है, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ा है।

मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए लगातार प्रतिबद्ध है। लाड़ली बहना योजना ने हर वर्ग की महिला को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की लाड़लियों को किसी चीज़ की कमी न रहे, यह हमारी सरकार का संकल्प है।

जिले के सभी ब्लॉकों और नगरीय निकायों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह का माहौल रहा। बहनों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुनने के बाद गीत, नारे और नारियल भेंट कर हर्ष व्यक्त किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live