नगर परिषद की जल प्रदाय व्यवस्था पर उठे सवाल — त्योहारों में भी नहीं मिल रहा पानी |

वार्डवासियों में नाराज़गी, नप उपाध्यक्ष बोले ,7 करोड़ की योजना के हाल बुरे,

कानड़। नगर में नगर परिषद द्वारा एक दिन छोड़कर की जा रही जल प्रदाय व्यवस्था को लेकर वार्डवासियों में गहरी नाराजगी देखने को मिल रही है। पर्याप्त वर्षा होने के बावजूद नागरिकों को अब भी नियमित रूप से पानी नहीं मिल पा रहा है। आलम यह है कि त्योहारों के अवसर पर भी लोगों को दूसरे स्थानों से पानी का इंतज़ाम करना पड़ रहा है।

गर्मी के दिनों में जहां तालाबों और कुओं का जल स्तर गिरने से पानी की कमी होना स्वाभाविक है, वहीं अब जब बरसात पूरी हो चुकी है और नगर के जल स्रोत भरे हुए हैं, तब भी नगर परिषद द्वारा नियमित जल प्रदाय न किया जाना प्रशासनिक लापरवाही के रूप में देखा जा रहा है।

त्योहारों में भी जल संकट

गणेश उत्सव, नवरात्र, दशहरा और दीपावली जैसे पर्वों में नगरवासी घरों और प्रतिष्ठानों की सफाई, पूजन एवं तैयारियों में व्यस्त रहते हैं, जिसमें पानी की आवश्यकता अधिक होती है। लेकिन नगर परिषद द्वारा एक दिन छोड़कर जल प्रदाय किए जाने से नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

वार्ड क्रमांक 7 के निवासी शंभुनारायण विश्वकर्मा, जीवनलाल और नीलेश मालवीय ने बताया कि –त्योहार के समय भी हमें एक दिन छोड़कर ही पानी मिल रहा है। नगर परिषद की लापरवाही के कारण हमें बाहर से पानी का इंतज़ाम करना पड़ता है। अगर यही स्थिति रही तो दीपावली पर भी संकट गहराएगा।

उपाध्यक्ष ने भी जताई नाराजगी –

इस मामले पर नगर परिषद उपाध्यक्ष राजेश डीलर ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि –
मुख्यमंत्री शहरी पेयजल योजना के तहत करीब 7 करोड़ रुपए से अधिक की राशि नगर में खर्च की गई, लेकिन हालात बेहद खराब हैं। नगरवासियों को अब भी एक दिन छोड़कर पानी मिल रहा है, जबकि त्योहार के दिनों में प्रतिदिन जल प्रदाय होना चाहिए था। मैं इस संबंध में सीएमओ से चर्चा कर नगर में जल प्रदाय व्यवस्था को सुचारू करने को लेकर कहूंगा।

जनता में रोष, शीघ्र समाधान की मांग

नगर के अन्य वार्डों में भी नागरिकों ने नगर परिषद से तत्काल समाधान की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो दीपावली जैसे प्रमुख पर्व पर नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

बोले जिम्मेदार – नगर परिषद सीएमओ शिव सिंह चौहान ने कहा कि फिल्टर प्लांट पर जिस तालाब से पानी आ रहा है वह काफी गंदा पानी आ रहा था,इसलिए सप्लाई रोक कर अन्यत्र जगह से व्यवस्था की गई थी। अब सुचारू रूप से नगर वासियों को पानी उपलब्ध होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live