ढाबे पर काम करने वाले युवक की करंट लगने से दर्दनाक मौत डीपी पर लाइट का तार लगाते समय हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी

 

आगर-मालवा। जिले की नलखेड़ा तहसील के ग्राम सुरजनी निवासी 30 वर्षीय जगदीश मालवीय की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार जगदीश मालवीय, पिता रोड़ा जी मालवीय, कानड़ क्षेत्र के राजाखेड़ी स्थित एक ढाबे पर कार्यरत थे। गुरुवार रात करीब 10 बजे वे ढाबे की विद्युत व्यवस्था के लिए डीपी के पास लाइट का तार लगाने गए थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उनके छोटे भाई दिनेश मालवीय उन्हें देखने पहुंचे। वहां उन्होंने जगदीश को डीपी के समीप खेत में अचेत अवस्था में पड़ा देखा।
परिजनों ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल आगर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक तौर पर करंट लगने से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
जगदीश मालवीय की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और आसपास के क्षेत्र में भी घटना को लेकर गहरा शोक व्याप्त है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live