ब्यूरो – दारा सिंह आर्य
आगर-मालवा। कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना के निर्देशन में कृषि विज्ञान केन्द्र, आगर-मालवा में भगवान बलराम जयंती पर कृषकों के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के कृषकों, कृषि अधिकारियों, कृषि वैज्ञानिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ किसानों के आराध्य भगवान बलराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
कृषि विभाग के जिला उप संचालक ने कहा कि भगवान बलराम भारतीय कृषि संस्कृति के प्रतीक हैं। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य सुधार तथा कृषि यंत्रीकरण, जैविक खेती को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डॉ. राजेन्द्र गवली ने संतुलित पोषण प्रबंधन, मृदा परीक्षण एवं फसल उत्पादन संबंधी वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी। डॉ. अखिलेश श्रीवास्तव ने कृषि नवाचारों एवं आधुनिक कृषि तकनीकों के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. मनीष सिंह ने फसलों में लगने वाले रोग एवं कीटों के नियंत्रण, जल प्रबंधन एवं कृषि आधारित उद्यमों के माध्यम से आय वृद्धि के उपायों पर जानकारी दी।
