साइबर फ्रॉड पीड़ितों को राहत, आगर पुलिस ने लौटाई ठगी की राशि

 

साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, न्यायालयीन आदेश के बाद राशि वापसी शुरू

 

दारा सिंह आर्य

आगर-मालवा। साइबर फ्रॉड के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आगर पुलिस ने पीड़ितों को राहत दिलाने की पहल की है। पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में साइबर सेल आगर एवं थाना कोतवाली पुलिस ने प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए फ्रॉड की राशि को संबंधित बैंक खातों में होल्ड कराया। आवश्यक दस्तावेज एवं साक्ष्य जुटाने के बाद प्रकरण न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए गए।
न्यायालयीन आदेश के बाद अब पीड़ितों की होल्ड राशि वापस किए जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आदेश के तहत दिलीप कुंभकार को 14,500 रुपये, मुकेश कोटले को 31,000 रुपये, शंकरलाल मालवीय को 22,750.67 रुपये, अजय यादव को 22,110.24 रुपये तथा जीवन सोलंकी को 30,000 रुपये सहित अन्य पीड़ितों की राशि वापस किए जाने के निर्देश मिले हैं।
अन्य मामलों में भी जारी है कार्रवाई
पुलिस के अनुसार अन्य साइबर फ्रॉड प्रकरणों में होल्ड कराई गई राशि को भी नियमानुसार पीड़ितों तक वापस पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है। साइबर सेल द्वारा बैंकिंग संस्थाओं एवं संबंधित एजेंसियों से समन्वय कर फ्रॉड की राशि को समय रहते होल्ड कराने और न्यायालयीन प्रक्रिया के माध्यम से पीड़ितों को राशि वापस दिलाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
राशि वापस मिलने पर पीड़ितों एवं उनके परिजनों ने आगर पुलिस और पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने आमजन से साइबर ठगी के मामलों में तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील की है, ताकि समय रहते राशि को होल्ड कराने की कार्रवाई की जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live