मुख्यमंत्री के आगर आगमन को लेकर पुलिस अलर्ट, 550 जवान संभालेंगे सुरक्षा

 

 

एसपी ने हेलीपैड और आयोजन स्थल का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था छह सेक्टर में बांटी

 

आगर-मालवा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज रविवार को आगर-मालवा आगमन को लेकर जिला पुलिस ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए करीब 550 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती की गई है। पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में पुलिस बल को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपकर सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक सोनी ने शनिवार, रविवार को हेलीपैड, मुख्य आयोजन स्थल सहित सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए वीवीआईपी सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

 

छह सेक्टर में बांटी सुरक्षा व्यवस्था

 

मुख्यमंत्री के दौरे की सुरक्षा व्यवस्था को छह प्रमुख सेक्टर में विभाजित किया गया है। इनमें हेलीपैड व्यवस्था, कारकेड व्यवस्था, मार्ग एवं पार्किंग व्यवस्था, आमसभा सुरक्षा, बैजनाथ मंदिर व्यवस्था तथा सेफ हाउस एवं अस्पताल व्यवस्था शामिल हैं। हेलीपैड एवं मार्ग व्यवस्था की जिम्मेदारी उप सेनानी 24वीं वाहिनी जावरा मनोहर सिंह वारिया को सौंपी गई है।

कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था के प्रभारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आगर रविन्द्र कुमार बोयट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उज्जैन आलोक शर्मा एवं उप सेनानी 24वीं वाहिनी जावरा मनोहर सिंह वारिया रहेंगे। इनके सहयोग के लिए आगर, सुसनेर सहित उज्जैन, देवास, शाजापुर और रतलाम से पुलिस अधिकारियों को भी जिम्मेदारियां दी गई हैं।

पुलिस बल को दी ब्रीफिंग

कार्यक्रम के लिए तैनात पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को एसपी दिलीप कुमार सोनी ने ब्रीफिंग दी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके निर्धारित ड्यूटी पॉइंट, जिम्मेदारियों और सुरक्षा प्रोटोकॉल की जानकारी दी। हेलीपैड, आयोजन स्थल, प्रवेश-निकास, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी ने कहा कि वीवीआईपी ड्यूटी में छोटी से छोटी जानकारी भी महत्वपूर्ण होती है। सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। आकस्मिक स्थिति में निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सुरक्षा व्यवस्था के साथ आमजन की सुविधा और विनम्र व्यवहार का भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live