ब्यूरो – दारा सिंह आर्य
आगर-मालवा। प्रदेश में 17 सितंबर से प्रारंभ हो रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला मुख्यालय आगर में गुरुवार को दो प्रमुख आयोजन होंगे। प्रातः 11 बजे से जिला चिकित्सालय में बृहद रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। वहीं शाम 7 बजे मोतीसागर तालाब स्थित कमल कुण्डी पर “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम होगा। इस दौरान 5001 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने बुधवार शाम दोनों आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
5001 दीपों से जगमगाएगी कमल कुण्डी
कलेक्टर डॉ. मीना ने सबसे पहले मोतीसागर तालाब स्थित कमल कुण्डी पहुंचकर “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम की तैयारियां देखीं। नगर पालिका अधिकारी कुशाल सिंह डुडवे ने बताया कि कार्यक्रम के लिए नगर पालिका द्वारा 5001 दीप प्रज्वलित करने की तैयारी पूर्ण कर ली गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता से दीप प्रज्वलन किया जाएगा।
कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, प्रकाश, सुरक्षा, आवागमन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रक्तदान शिविर की तैयारियों का लिया जायजा
इसके बाद कलेक्टर जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक पहुंचे और बृहद रक्तदान शिविर की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को रक्तदाताओं के लिए पृथक वार्ड सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शिविर में पर्याप्त पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाने, रक्त संग्रहण बैग, रक्त संग्रहण के बाद बैग को सुरक्षित रखने तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।
रक्तदान शिविर का आयोजन स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से किया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित दोनों कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी।
