आरटीआई कार्यकर्ता पर रॉड से हमला, मोटरसाइकिल सवार दो युवकों में से एक ने किया हमला,  घटना के बाद थाने में जुटे भाजपा-कांग्रेस नेता,पुलिस ने शुरू की जांच

 

 

कानड़। नगर में बुधवार रात आरटीआई कार्यकर्ता नरेंद्र दुबे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। माता जी रोड स्थित मांगलिक भवन के सामने मोटरसाइकिल से आए दो अज्ञात व्यक्तियों में से एक ने दुबे पर रॉड से हमला कर दिया। हमले में उनके दाहिने पैर में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कानड़ ले जाया गया, जहां एमएलसी के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल आगर-मालवा रेफर कर दिया।

पुलिस के अनुसार घटना बुधवार रात करीब 8.50 बजे की है। नरेंद्र दुबे माता जी रोड स्थित मांगलिक भवन के सामने से घर की ओर जा रहे थे। तभी मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति वहां पहुंचे। इनमें से एक व्यक्ति ने रॉड से हमला कर दिया और दोनों मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद थाने पर जुटे नेता और नागरिक

आरटीआई कार्यकर्ता के साथ मारपीट की सूचना मिलने के बाद देर रात पुलिस थाने पर भाजपा और कांग्रेस के नेता एवं कार्यकर्ता भी पहुंचे। नेताओं और नागरिकों ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। लोगों का कहना था कि इस तरह की घटना से आम नागरिकों में भी रोष है और पुलिस को मामले की गंभीरता से जांच करनी चाहिए।

 

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

 

पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की बात कही। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live