जनविश्वास शिविर में 23 आवेदन मिले, नवीन चिकित्सक की पदस्थापना; सोसायटी के खाद गोदाम के लिए जल्द आवंटित होगी जमीन
ब्यूरो _दारा सिंह आर्य
आगर-मालवा। सुसनेर विकासखंड के ग्राम मोड़ी में शुक्रवार को सेवा संकल्प एवं जनविश्वास अभियान के तहत क्लस्टर स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। इसमें ग्रामीणों ने बिजली की कम वोल्टेज की समस्या, स्वास्थ्य सुविधाओं और सोसायटी के खाद गोदाम के लिए जमीन आवंटन सहित विभिन्न समस्याएं रखीं। कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को तीन दिन में लो-वोल्टेज की समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 23 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण कर संबंधित अधिकारियों ने जानकारी दी।
चिकित्सक की पदस्थापना, गोदाम के लिए जल्द मिलेगी जमीन
कलेक्टर डॉ. मीना ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मोड़ी में लो-वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए विद्युत वितरण कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की गई है। कंपनी द्वारा दो से तीन दिन में समस्या दूर करने की बात कही गई है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में चिकित्सकों की कमी को देखते हुए नवीन चिकित्सक की पदस्थापना का आदेश जारी कर दिया गया है। वहीं, सहकारी सोसायटी के खाद गोदाम के लिए भूमि आवंटन की मांग पर उन्होंने जल्द उपयुक्त जमीन उपलब्ध कराने की बात कही।
सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वालों को मिलेगा प्रोत्साहन
पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने शिविर में राहवीर योजना, प्रधानमंत्री राहत योजना और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने वाले राहवीरों को अनावश्यक पूछताछ से सुरक्षा और प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायलों को पात्रता एवं निर्धारित प्रावधानों के अनुसार डेढ़ लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। ऐसे मामलों में घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर उपचार दिलाना चाहिए।
साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
एसपी सोनी ने कहा कि जागरूकता से साइबर अपराधों से बचा जा सकता है। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि ठगी की राशि को समय रहते फ्रीज कराने की कार्रवाई की जा सके। पुलिस सहायता के लिए डायल 112 का उपयोग किया जा सकता है।
कृषि उपकरणों के स्वीकृति पत्र वितरित
शिविर में कृषि विभाग की ओर से 50 प्रतिशत अनुदान पर धूलचंद गुर्जर और भगवान सिंह गुर्जर को मिनी स्प्रिंकलर के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बीएस सोलंकी, एसडीएम देवकुंवर सोलंकी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक यादव, एसडीओपी देवकरण यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रारंभ में अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। ग्रामीणों ने शिविर में अपनी समस्याएं रखीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
