आगर-मालवा। दिल्ली में आगामी दिनों में आयोजित होने जा रहे अंतर्राष्ट्रीय आर्य महा सम्मेलन को लेकर, आर्य समाज और आर्य वीर दल की तैयारियाँ ज़ोरों पर हैं। इसी सिलसिले में रविवार को जिले में आर्य वीर दल के प्रांतीय पदाधिकारियों की जिला बैठक ग्राम बीनायगा मे संपन्न हुई। बैठक में सम्मेलन को सफल बनाने के लिए रणनीति और कार्ययोजना पर विस्तृत मंथन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता आर्य समाज के प्रधान काशीराम आर्य अनल कानड़ ने कि, वही बैठक को आर्य वीर दल मध्यप्रदेश के संचालक भेरू सिंह आर्य, प्रांतीय कोषाध्यक्ष दारा सिंह आर्य, संभाग संचालक करण सिंह, ज़िला संचालक शंकर सिंह आर्य, प्रहलाद सिंह आर्य ने सम्भोधित किया। काशीराम आर्य ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली में होने वाला यह अंतर्राष्ट्रीय आर्य महा सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि आर्य समाज के वैदिक विचारों, संस्कृति और आदर्शों को पूरे विश्व तक पहुँचाने का ऐतिहासिक अवसर है।जिसमे आर्य वीर दल कि अहम भूमिका रहेगी।
आर्य वीर करेंगे गाँव-गाँव संपर्क-
बैठक में तय हुआ कि सम्मेलन में अधिकतम युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आर्य वीर दल के स्वयंसेवक गाँव, तहसील और जिले स्तर पर शाखाएँ लगाकर युवाओं को जोड़ेंगे। विशेष अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में युवाओं को जागरूक कर सम्मेलन में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
देश-विदेश से आएंगे विद्वान और संत-
पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि दिल्ली मे होने वाले सम्मेलन में देश-विदेश से आर्य समाज के विद्वान, संत और समाजसेवी जुटेंगे। यह सम्मेलन न केवल संगठन की एकता को प्रदर्शित करेगा, बल्कि समाज और राष्ट्र सेवा के नए आयाम भी तय करेगा।
बैठक में जिले कि सभी तहसील के संचालक, ओर जिलेभर से आए आर्य समाज और आर्य वीर दल के कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने मिलकर आगामी अंतर्राष्ट्रीय आर्य महा सम्मेलन (दिल्ली) को सफल बनाने का संकल्प लिया।बैठक का संचालन व्यायाम शिक्षक अर्जुन सिंह आर्य ने किया ओर आभार शंकर सिंह आर्य ने माना।
