मुआवजे से वंचित रहा आगर, किसानों में गहराया आक्रोश

आगर मालवा । आगर जिले के किसानों के लिए इस बार की बरसात कहर बनकर आई। अत्यधिक वर्षा और ‘पिला मोजक’ वायरस के प्रकोप ने सोयाबीन समेत अन्य फसलों को पूरी तरह बर्बाद कर दिया। खेतों में पानी भर जाने से फसलें सड़ गईं और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

 

मुआवजा सूची से आगर बाहर

 

सबसे बड़ी समस्या यह है कि नुकसान झेलने के बाद भी आगर जिले को सरकार की मुआवजा सूची से वंचित रखा गया। प्रदेश सरकार ने कई जिलों में राहत राशि बांटी, लेकिन आगर के किसानों को इस योजना का लाभ नहीं मिल पाया। इससे यहां के किसानों और युवाओं में गहरी नाराज़गी है।

 

सोशल मीडिया पर गुस्से का इज़हार

 

किसान और युवा लगातार सोशल मीडिया पर अपनी भड़ास निकाल रहे हैं। वे सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर तीखी टिप्पणी कर रहे हैं। नाराज किसानों का कहना है कि— “अब क्यों पछताते, जब चिड़िया चुग गई खेत…”

उनका आरोप है कि समय रहते जनप्रतिनिधियों ने उनकी सुध नहीं ली और अब उन्हें खाली हाथ छोड़ दिया गया है।

 

विधायक मधु गहलोत का वीडियो वायरल

https://www.facebook.com/share/r/18bYLxmR7T/

https://www.facebook.com/share/v/1JwFayiFtG/

इस बीच, आगर विधायक मधु गहलोत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो विधानसभा सत्र के दौरान उनके अभिभाषण का है, जिसमें वे किसानों को ‘सक्षम’ और ‘सम्पन्न’ बताते हुए भाजपा सरकार की सराहना कर रहे हैं।

मुआवजे से आगर को वंचित किए जाने के बाद यह वीडियो किसानों के आक्रोश का कारण बन गया है। किसान कह रहे हैं कि जब उनकी फसलें बर्बाद हो गई हैं, तब विधायक का यह बयान उनकी पीड़ा को नज़रअंदाज़ करने जैसा है।

 

भाजपा जिलाध्यक्ष और विधायक ने लिखा पत्र

 

हालांकि, बढ़ते दबाव के बीच भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय और भाजपा विधायक मधु गहलोत ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मुआवजे की मांग की है। उन्होंने कहा कि आगर जिले की हालत गंभीर है और किसानों को तुरंत राहत मिलना चाहिए।

 

कांग्रेस का हमला

वहीं, सुसनेर के कांग्रेस विधायक भैरोसिंह परिहार ‘बापू’ ने भी सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा किसानों की बात सिर्फ मंचों और कागजों तक सीमित रखती है। उन्होंने मुआवजे से आगर जिले को बाहर रखने को “किसान विरोधी रवैया” बताते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

 

👉 कुल मिलाकर, आगर जिले के किसान प्राकृतिक आपदा के बाद अब सरकार की उपेक्षा का शिकार हो रहे हैं। किसान उम्मीद लगाए बैठे हैं कि सरकार उनकी सुध लेगी और जल्द से जल्द राहत राशि उपलब्ध कराएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live