पूर्व विधायक मुरलीधर पाटीदार की पोस्ट से गरमाई आगर की राजनीति, मुआवजा रोकने पर प्रशासन और जनप्रतिनिधि जिम्मेदार ठहराए

 

आगर मालवा। जिले में प्राकृतिक आपदा से हुई फसल क्षति को लेकर मुआवजा वितरण का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक रंग पकड़ता नजर आ रहा है। सुसनेर के भाजपा से पूर्व विधायक मुरलीधर पाटीदार के नाम से संचालित एक फेसबुक अकाउंट https://www.facebook.com/share/1CPqM6cp6B/ द्वारा रविवार को पेज पर एक पोस्ट जारी कर जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है।

पोस्ट में लिखा है कि— “तीन दिन पहले ही मैंने बताया था कि यदि जिला नेतृत्व विहीन रहेगा, तो आगर जिले के किसानों को नुकसान उठाना पड़ेगा। अब वल्लभ भवन भोपाल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आगर जिले में किसानों के नुकसान का सर्वे तो भेजा गया, परंतु उसी जानकारी के अभाव में मुख्यमंत्री महोदय द्वारा मुआवजा वितरण यहां नहीं हो पाया। इसके लिए जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि जिम्मेदार हैं।”

 

पूर्व विधायक के नाम से संचालित इस ID पर  कलेक्टर कार्यालय से जारी दस्तावेजों की प्रतियां भी सार्वजनिक की हैं, जिनमें फसल नुकसान का आंकलन और राहत राशि के वितरण हेतु मांगी गई जानकारी का उल्लेख है। जारी दस्तावेज के अनुसार, आगर जिले के पाँचों विकासखण्ड — आगर, बड़ौद, सोयतकलां, सुसनेर और नलखेड़ा — में कुल 1,32,381 हेक्टेयर फसल क्षेत्र प्रभावित हुआ है, जिसमें औसतन 25 प्रतिशत से कम नुकसान दर्ज किया गया है।

 

दस्तावेजों के अनुसार, कलेक्टर कार्यालय ने 25 सितंबर 2025 को राहत आयुक्त भोपाल को पत्र भेजते हुए सर्वे कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी थी। परंतु राहत वितरण का आदेश अब तक प्राप्त नहीं हुआ है। इसी को लेकर पूर्व विधायक ने प्रशासनिक तंत्र पर सवाल उठाया है।

इस पोस्ट के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। किसान वर्ग भी इस मुद्दे पर सक्रिय नजर आ रहा है। स्थानीय स्तर पर लोगों का कहना है कि लंबे समय से फसल नुकसान के बाद मुआवजे की प्रतीक्षा की जा रही है, लेकिन अभी तक राशि वितरण नहीं हुआ है।

 

फिलहाल इस मामले पर पूर्व विधायक मुरलीधर पाटीदार का अभी तक कोई आधिकारिक बयान तो नहीं आया है साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से इस मामले पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन  इस पोस्ट ने निश्चित रूप से आगर जिले की राजनीति में नया तापमान ला दिया है।

#AgarNews #MurliDharPatidar #FasalNuksan #MuawzaVivad #AgarMalwa

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live