किसानों के लिए राहत की किरण —मुख्यमंत्री ने कहा “शीघ्र मिलेगा मुआवजा”
आगर मालवा । अतिवृष्टि और पीले मोजेक रोग से बर्बाद हुई सोयाबीन फसल के नुकसान पर अब किसानों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। आगर विधायक मधु गहलोत ने भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भेंट कर आगर जिले की कृषि स्थिति पर विस्तृत चर्चा की और प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा राशि दिए जाने की मांग रखी।
विधायक गहलोत ने मुख्यमंत्री के समक्ष यह स्पष्ट किया कि आगर जिले के किसानों की फसलें सबसे अधिक प्रभावित हुई हैं, और खेतों में किसानों की मेहनत पानी में बह गई है। ऐसे में शीघ्र राहत राशि किसानों के खातों में पहुंचना जरूरी है ताकि आगामी रबी सीजन की तैयारी में उन्हें आर्थिक सहयोग मिल सके।
उन्होंने कहा —
“यह किसानों की सरकार है, और मुख्यमंत्री स्वयं किसानों के बेटे हैं। मैंने सीएम से आग्रह किया है कि आगर जिले में पीले मोजेक रोग से नष्ट हुई फसलों का सर्वे पूरा हो चुका है, इसलिए मुआवजा वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। मुख्यमंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया है कि आगर के किसानों को शीघ्र राहत राशि मिलेगी।”
विधायक ने आगे कहा —
“मेरे किसान भाइयों, चिंता न करें। मैं आपके बेटे और भाई के रूप में हमेशा आपकी सेवा में तत्पर हूं। आपकी मेहनत व्यर्थ नहीं जाएगी, सरकार आपकी हर परेशानी में आपके साथ खड़ी है।”
इस मुलाकात के बाद किसानों के बीच नई उम्मीद और भरोसे का माहौल बना है। क्षेत्र में लंबे समय से मुआवजे को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चाओं और विरोध प्रदर्शनों के बीच यह खबर किसानों के लिए एक बड़ी राहत के रूप में सामने आई है।
स्थानीय राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि मुख्यमंत्री से हुई यह बातचीत आगर जिले के लिए निर्णायक मोड़ साबित हो सकती है, क्योंकि बीते दिनों विपक्ष और किसान संगठनों ने सरकार पर मुआवजा वितरण में देरी के आरोप लगाए थे। अब विधायक की सक्रिय पहल से प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया में तेजी आने की संभावना है।
