एचआईवी से बचाव के लिए विद्यार्थियों को किया जागरूक

 

संस्कार अकैडमी में जागरूकता कार्यशाला, 150 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग

 

दारा सिंह आर्य

आगर-मालवा। एचआईवी/एड्स की रोकथाम और इससे जुड़े भ्रम दूर करने के उद्देश्य से शुक्रवार को श्री संस्कार अकैडमी में कक्षा 10वीं से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति एवं जिला एड्स नियंत्रण समिति, आगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को एचआईवी संक्रमण के कारण, जांच, बचाव और रोकथाम के उपायों की जानकारी दी।

कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ चिकित्सा पर्यवेक्षक राजेश चतुर्वेदी, आईसीटीसी परामर्शदाता दीपक पाटीदार एवं लैब टेक्नीशियन हेमंत वैष्णव ने विद्यार्थियों से संवाद किया। विशेषज्ञों ने बताया कि एचआईवी संक्रमित रक्त एवं कुछ विशेष शारीरिक द्रवों के संपर्क या हस्तांतरण से संक्रमण फैल सकता है। संक्रमित रक्त चढ़ना, असुरक्षित शारीरिक संबंध तथा संक्रमित मां से शिशु में संक्रमण का हस्तांतरण इसके प्रमुख कारण हैं।

भ्रांतियों को दूर कर बताए वैज्ञानिक तथ्य

विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को एचआईवी/एड्स से जुड़ी विभिन्न भ्रांतियों और मिथकों की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि संक्रमण किन परिस्थितियों में फैलता है और किन सामान्य संपर्कों से नहीं फैलता। विद्यार्थियों को एचआईवी की जांच प्रक्रिया तथा संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी गई।

कार्यशाला में 150 से अधिक विद्यार्थियों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने एचआईवी/एड्स से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल भाषा में वैज्ञानिक तरीके से समाधान किया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही संक्रमण से बचाव के लिए जिम्मेदार और सजग व्यवहार विकसित करना रहा।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की ओर से चारु माथुर ने आभार व्यक्त किया। अतिथियों का शाल-श्रीफल से सम्मान किया गया तथा विद्यालय की वार्षिक पत्रिका भेंट की गई। कार्यक्रम की जानकारी विद्यालय संचालक डॉ. पंकज अटल ने दी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live