आगर नगर पालिका को राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर स्वच्छता में उच्च स्थान , भोपाल में मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
आगर मालवा: 14 अक्टूबर 2025 को नगर पालिका परिषद आगर मालवा को राष्ट्रीय स्तर पर 15वां और राज्य स्तर पर पांचवां स्थान प्राप्त करने पर भोपाल में आयोजित स्वच्छता सम्मान समारोह एवं कार्यशाला में सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और नगरी प्रशासन एवं आवास की राज्य मंत्री प्रतिभा बागड़ी द्वारा नगर पालिका को प्रतीक चिन्ह के रूप में प्रदान किया गया।
समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष निलेश जैन पटेल, तत्कालीन सीएमओ पवन फूलफकिर, जिला महामंत्री एवं पार्षद प्रतिनिधि मयंक राजपूत, जगदीश गवली, रानुराज नरवाल, विधायक प्रतिनिधि अशोक प्रजापत, स्वच्छता निरीक्षक बसंत डूलगज और एनजीओ के सदस्य उपस्थित रहे।
नगर पालिका अध्यक्ष निलेश जैन पटेल ने इस अवसर पर नगर के सभी स्वच्छता प्रहरी, कर्मचारी अधिकारी और नागरिकों को बधाई दी और शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सभी की साझा मेहनत और प्रयासों का परिणाम है और आगे भी नगर की स्वच्छता बनाए रखने में सभी का सहयोग अपेक्षित है।
