मध्यप्रदेश भाजपा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव — श्याम टेलर बने युवा मोर्चा अध्यक्ष, और अश्विनी परांजपे को महिला मोर्चा की कमान
भोपाल । भारतीय जनता पार्टी ने मध्यप्रदेश संगठन में अहम बदलाव करते हुए युवा और महिला मोर्चा के नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जगत प्रकाश नड्डा की सहमति से प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने आदेश जारी किया है।
नए आदेश के अनुसार, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी श्याम टेलर को सौंपी गई है। शाजापुर के सक्रिय युवा नेता टेलर इससे पहले युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष के रूप में अपनी मजबूत संगठनात्मक क्षमता दिखा चुके हैं। युवाओं में उनकी लोकप्रियता और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें प्रदेश स्तर की कमान सौंपी है।
उधर महिला मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर अश्विनी परांजपे की नियुक्ति की गई है। परांजपे लंबे समय से महिला मोर्चा के विभिन्न दायित्वों में सक्रिय रही हैं और संगठन में उनका अच्छा प्रभाव माना जाता है। उनकी नई नियुक्ति से महिला मोर्चा में नई ऊर्जा और नेतृत्व की मजबूती की उम्मीद जताई जा रही है।
पार्टी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि इन दोनों नियुक्तियों से संगठन को बूथ स्तर तक और शक्ति मिलेगी। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ये नियुक्तियाँ तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
कार्यकर्ताओं में नई जिम्मेदारियों को लेकर उत्साह का माहौल है, और माना जा रहा है कि युवा व महिला मोर्चा प्रदेश में नए अभियान और कार्यक्रमों के साथ तेजी से सक्रिय होगा।
