दाल तड़का मांगने पर होटल में विवाद, चाकूबाजी में दो युवक गंभीर घायल नलखेड़ा थाना पुलिस ने नामजद सहित अज्ञात पर दर्ज किया मामला

 

नलखेड़ा (आगर-मालवा)। मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा नगर स्थित बगलामुखी कृपा होटल में दाल तड़का मांगने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। होटल कर्मचारियों द्वारा किए गए चाकू से हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में एक नामजद सहित अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जान से मारने की नीयत से हमला करने का प्रकरण दर्ज किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुई गांव निवासी धर्मेंद्र राजपूत और कमल शर्मा मां बगलामुखी मंदिर के दर्शन के बाद भोजन करने के लिए बगलामुखी कृपा होटल पहुंचे थे। उन्होंने होटल कर्मचारी से दाल तड़का का ऑर्डर दिया, लेकिन उन्हें बिना तड़का की सादी दाल परोस दी गई। इस पर जब उन्होंने आपत्ति जताई तो होटल कर्मचारियों से कहासुनी हो गई।

विवाद इतना बढ़ गया कि होटल कर्मचारियों ने चाकू से हमला कर दिया। घटना में समरथ सिंह राजपूत और मनोहर सिंह राजपूत को गंभीर चोटें आईं। दोनों को तत्काल नलखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल आगर रेफर किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही नलखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के बयान के आधार पर एक नामजद आरोपी सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

नगर में गत रात्रि में होटल में हुई इस चाकूबाजी की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोगों ने होटल संचालकों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live