कानड़। भीषण गर्मी के बीच नगरवासियों को राहत देने के उद्देश्य से आर्य समाज मंदिर स्वामी दयानंद मार्ग पर जल मंदिर (पानी की प्याऊ) का शुभारंभ किया गया। यह पहल जन अभियान परिषद की नगर विकास प्रस्फुटन समिति के सहयोग से साकार हुई।
इस अवसर पर नगर परिषद सीएमओ शिव सिंह चौहान ने विधिवत रूप से प्याऊ का उद्घाटन किया। इस दौरान नगर विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्य संतोष शर्मा,प्रेस क्लब अध्यक्ष दारा सिंह आर्य, धर्मेंद्र शर्मा, बलवंत सिंह सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे।
सीएमओ शिव सिंह चौहान ने कहा कि गर्मी के मौसम में राहगीरों को ठंडा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इस जल मंदिर के माध्यम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
उपस्थित लोगों ने इस पहल को सामाजिक सरोकार से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बताते हुए इसकी सराहना की और भविष्य में भी ऐसे जनहित कार्य जारी रखने की बात कही। पिछले वर्ष भी नगर विकास समिति ने इसी तरह जल मंदिर स्थापित कर सेवा कार्य किया था।
