आगर-मालवा। तनोड़िया चौकी टावर के पास एक बड़ी अनहोनी उस समय टल गई, जब गाड़ी चला रहे एक युवक को अचानक अटैक आ गया। जानकारी के अनुसार, ग्राम गुरुखेड़ी निवासी दुर्गेश चौहान वाहन चला रहे थे, तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे अचेत हो गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद आरक्षक क्रमांक 160 महेश पचलानिया एवं ग्राम रक्षा समिति सदस्य एजाज खा तुरंत सहायता के लिए पहुंचे। दोनों ने बिना देर किए प्राथमिक उपचार के रूप में सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) दिया, जिससे युवक की सांसें फिर से सामान्य हो सकीं।
इसके बाद तत्काल उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार समय पर दिए गए सीपीआर से उनकी जान बच पाई।
इस सराहनीय कार्य के लिए आरक्षक महेश पचलानिया और एजाज खा की क्षेत्र में प्रशंसा की जा रही है। उनकी तत्परता और सूझबूझ से एक अनमोल जीवन सुरक्षित हो सका।