मुस्कान अभियान के तहत बड़ौद पुलिस की बड़ी सफलता, गुजरात से सकुशल मिली गुमशुदा नाबालिग बालिका

 

बड़ौद (आगर मालवा) मुस्कान अभियान के तहत बड़ौद पुलिस ने त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई करते हुए एक गुमशुदा नाबालिग बालिका को गुजरात के राजकोट शहर से सकुशल दस्तयाब कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में संलिप्त आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

जानकारी के अनुसार 8 जून 2026 को थाना बड़ौद क्षेत्र से एक नाबालिग बालिका के घर से बिना बताए चले जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। परिजनों ने आशंका जताई थी कि संदेही रोहित उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। सूचना मिलते ही थाना बड़ौद में प्रकरण दर्ज कर तत्काल विवेचना प्रारंभ की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी रूप सिंह बैस के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने संभावित स्थानों पर लगातार तलाश की, परिजनों एवं परिचितों से जानकारी जुटाई तथा तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से जांच को आगे बढ़ाया।

लगातार प्रयासों के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनके आधार पर नाबालिग बालिका के गुजरात के राजकोट शहर में होने की जानकारी मिली। जांच में रोहित पिता तूफानसिंह सूर्यवंशी निवासी महिदपुर की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम राजकोट पहुंची और नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर संदेही रोहित सूर्यवंशी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया।

थाने पर पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई एवं विवेचना जारी है।

मुस्कान अभियान के तहत की गई इस सफल कार्रवाई से पुलिस ने एक बार फिर तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए परिजनों को राहत पहुंचाई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live