बड़ौद। उज्जैन-गरोठ रोड पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और नगर के व्यस्ततम सुभाष चौक पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को थाना परिसर में होटल एवं दुकान संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने और सड़क हादसों की रोकथाम को लेकर पुलिस ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थाना प्रभारी रूपसिंह बैस ने उज्जैन-गरोठ रोड पर कुछ होटल संचालकों द्वारा एनसीबी क्रॉस बैरियर काटकर दुकान एवं होटल का संचालन किए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क किनारे लगाए गए सुरक्षा बैरियर से किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं की जाए। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। उज्जैन-गरोठ रोड के साइड इंचार्ज अभिषेक पटेल को भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।
सुभाष चौक पर सीसीटीवी लगाने में सहयोग की अपील
बैठक में नगर के अति व्यस्त सुभाष चौक की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। पुलिस ने होटल एवं दुकान संचालकों से चौराहे पर सीसीटीवी कैमरे लगाने में सहयोग करने की अपील की। इस पर दुकानदारों ने पुलिस को सहयोग का आश्वासन दिया। सीसीटीवी कैमरे लगने से चौराहे की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ यातायात व्यवस्था और सुरक्षा में भी मदद मिलेगी।
इसके अलावा उज्जैन-गरोठ हाईवे पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए होटल एवं दुकान संचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने और सड़क सुरक्षा में सहयोग करने की बात कही गई। बैठक में क्षेत्र के कई होटल एवं दुकान संचालक उपस्थित रहे।
