आगर मालवा/लोलकी। एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय लोलकी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चे राधा-कृष्ण के मनमोहक स्वरूप में सजकर पहुंचे। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा से विद्यालय परिसर कृष्णमय नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत राधा-कृष्ण स्वरूप में सजे बच्चों की महाआरती से हुई। विद्यालय परिवार एवं ग्रामवासियों ने बच्चों की आरती उतारकर भगवान श्रीकृष्ण के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। इसके बाद बच्चों ने श्रीकृष्ण से जुड़े भजनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां दीं।
गांव में निकाला भव्य चल समारोह
विद्यालय से पूरे ग्राम में भव्य चल समारोह निकाला गया। इसमें राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चे आकर्षण का केंद्र रहे। ग्रामवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा और आरती कर बच्चों का स्वागत किया। इस दौरान पूरा गांव भक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आया।
मटकी फोड़ कार्यक्रम में बच्चों ने लिया हिस्सा
चल समारोह के बाद विद्यालय परिसर में मटकी फोड़ कार्यक्रम आयोजित किया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं को जीवंत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला प्रभारी अजय जैन ने की। इस अवसर पर योगेश राठौर, मोहनलाल शर्मा, मुकेश राठौर एवं दयाराम ओसारा सहित विद्यालय परिवार और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। आयोजन में ग्रामीणों एवं विद्यालय परिवार का सहयोग रहा।
