जनसुनवाई में प्राप्त शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, बगैर डिग्री चिकित्सा करने वाले का दवाखाना बंद कराया*

 

 

उज्जैन। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम रघुवंशी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध रूप से संचालित चिकित्सा संस्थानों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा मौके पर पहुँचकर कार्रवाई करते हुए संबंधित दवाखाना बंद कराया गया।

 

उल्लेखनीय है कि 13 अक्टूबर 2026 को आयोजित जनसुनवाई में  मांगीलाल पिता  नानूराम पाटीदार, निवासी घिनोदा, विकासखंड खाचरौद द्वारा बगैर डिग्री चिकित्सा करने के संबंध में डॉ. विश्वास के विरुद्ध शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम रघुवंशी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा मौके पर पहुँचकर जाँच एवं आवश्यक कार्रवाई की गई।

 

कार्रवाई के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम रघुवंशी, डॉ. प्रदीप सोमेश, शिशु रोग विशेषज्ञ तथा अनोखीलाल, नागदा सहित संबंधित टीम मौके पर पहुँची। टीम द्वारा शिकायत के संबंध में कार्रवाई करते हुए संबंधित दवाखाने को बंद कराया गया।

 

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम रघुवंशी ने स्पष्ट किया कि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता के चिकित्सा कार्य करने तथा नियमों के विपरीत संचालित होने वाले दवाखानों के संबंध में प्राप्त शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

उन्होंने आमजन से अपील की कि उपचार करवाने से पहले चिकित्सक की शैक्षणिक योग्यता एवं पंजीयन की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। यदि कहीं भी बिना वैध डिग्री के चिकित्सा कार्य किए जाने या अवैध रूप से दवाखाना संचालित होने की जानकारी मिलती है, तो इसकी शिकायत संबंधित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दें।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live