लाल माता मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रण को लेकर पुलिस से हुई थी कहासुनी, आधे घंटे तक आवागमन रहा प्रभावित
तनोडिया। स्थानीय लाल माता मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रण को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कहासुनी हो गई। इसके विरोध में कार्यकर्ताओं ने माकड़ोन रोड के पास इंदौर-कोटा राजमार्ग पर करीब आधे घंटे तक जाम लगा दिया। इस दौरान पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी कमल सिंह राठौर के खिलाफ नारेबाजी की गई। जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, लाल माता मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रण के दौरान किसी बात को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच विवाद हो गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने राजमार्ग पर एकत्र होकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि सहायता केंद्र प्रभारी कमल सिंह राठौर पिछले कई दिनों से उनके साथ उचित तरीके से बातचीत नहीं कर रहे हैं और मनमानी कर रहे हैं।
मौके पर मौजूद स्थानीय पुलिस ने कार्यकर्ताओं को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। जाम की सूचना मिलने पर कोतवाली टीआई नागेश यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चर्चा कर समझाइश दी, जिसके बाद जाम खुलवाया गया और यातायात बहाल हो सका।
