आगर मालवा। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने शुक्रवार को थाना कानड़ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की सभी व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया और थाना प्रभारी सहित पुलिस स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने मालखाना, हवालात, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, वीसीएनबी (VCNB) रजिस्टर, अपराध रजिस्टर सहित लंबित प्रकरणों का परीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रिकॉर्ड संधारण, अभिलेख प्रबंधन और थाने की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों में शीघ्र विवेचना पूर्ण कर न्यायालय में प्रस्तुत करने के आदेश दिए। साथ ही प्रतिबंधात्मक कार्रवाई को प्रभावी बनाने, फरार वारंटियों की गिरफ्तारी हेतु कांबिंग गश्त को मजबूत करने तथा जुआ-सट्टा और अवैध शराब पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी कानड़ राजकुमार दांगी सहित समस्त पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया।
यह निरीक्षण थाना स्तर पर बेहतर प्रबंधन, अपराध नियंत्रण और नागरिकों को अधिक सशक्त एवं पारदर्शी पुलिस सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
