प्रदेश सरकार किसानों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्यरत — मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
- आगर-मालवा जिले के किसानों के लिए 138 करोड़ की राहत राशि का सिंगल क्लिक से वितरण
- प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना व अन्य 29 लाख बहनों को 45 करोड़ की सहायता राशि प्रदान
आगर मालवा, 19 अक्टूबर।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को उज्जैन जिले की तराना तहसील में आयोजित राहत राशि वितरण समारोह में कहा कि प्रदेश सरकार किसानों, गरीबों, युवाओं और महिलाओं के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की जिंदगी बेहतर हो, यही सरकार का संकल्प है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आगर-मालवा जिले के किसानों के लिए प्राकृतिक प्रकोप से हुई फसल क्षति पर 138 करोड़ रुपये की राहत राशि सिंगल क्लिक से किसानों के खातों में अंतरित की। इसके साथ ही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना व विशेष पिछड़ी जनजाति सहित 29 लाख बहनों को 45 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी वितरित की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक 1800 करोड़ रुपये की राहत राशि किसानों को दी जा चुकी है। उन्होंने कहा — “किसान खून-पसीना एक कर फसलें उगाता है, और यदि प्राकृतिक आपदा से नुकसान होता है तो सरकार का दायित्व है कि उसकी भरपाई करे।”
डॉ. यादव ने बताया कि किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सोलर पंप योजना, जैविक खेती को बढ़ावा, दुग्ध उत्पादन एवं देशी गाय पालन में प्रोत्साहन दिया जा रहा है। अब सोलर पंप की लागत का केवल 10% ही किसान को देना होगा, शेष राशि सरकार देगी।
30 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन
मुख्यमंत्री ने लगभग 31 करोड़ रुपये लागत के 30 कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया। इनमें 21 कार्यों का लोकार्पण (14 करोड़) और 9 कार्यों का भूमि पूजन (17 करोड़) शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि तराना को शाजापुर और आगर से जोड़ने के लिए नई सड़क बनेगी। कायथा में महाविद्यालय का भूमि पूजन कर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की सुविधा दी जाएगी। कनासिया-बरडंवा क्षेत्र में 8 हजार करोड़ रुपये की लागत से औद्योगिक संयंत्र स्थापित होने जा रहा है, जिससे 2–3 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने सोयाबीन के भावांतर भुगतान की जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने ₹5328 प्रति क्विंटल का मूल्य घोषित किया है, और मंडी मूल्य व घोषित मूल्य के अंतर की राशि राज्य सरकार देगी।

“आगर को दीपावली का बंपर तोहफा” — विधायक मधु गहलोत
आगर विधायक मधु गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव किसानों के मसीहा हैं। आज आगर जिले को 138 करोड़ रुपये की राहत राशि के रूप में दीपावली का बंपर तोहफा मिला है।
जिला अध्यक्ष ओम मालवीय ने कहा कि मुख्यमंत्री किसान पुत्र हैं और किसानों को अन्नदाता मानते हैं। उन्होंने किसान मोर्चा और किसान संघ के कार्यकर्ताओं को भी बधाई दी।
समारोह में पूर्व विधायक राणा विक्रम सिंह, किसान संघ के डूंगर सिंह, दिनेश परमार, प्रमोद जोशी, राहुल सिंह, भरत प्रजापत, गुमान सिंह, कालू सिंह, भगवान सिंह, राघव सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और किसान उपस्थित रहे।
अपर कलेक्टर आर.पी. वर्मा, कृषि उप संचालक विजय चौरसिया और भू-अभिलेख अधीक्षक प्रीति चौहान सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
