वार्ड 2 में आंगन का मेला आयोजित, महिलाओं का अभिनंदन कर फल वितरित किए; वार्ड 7 व 9 में भी हुए आयोजन
कानड़। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रविवार को कानड़ मंडल में आंगन का मेला कार्यक्रम उत्साह के साथ आयोजित किया गया। वार्ड क्रमांक 2 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और उपस्थित माताओं-बहनों का अभिनंदन किया गया। इस दौरान वार्ड की महिलाओं को फल वितरित किए गए।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प एवं सेवा जीवन पर विचार व्यक्त करते हुए उपस्थित लोगों से समाजहित में सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया। इसके बाद आंगनबाड़ी परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर परिसर की सफाई की गई और स्वच्छता का संदेश दिया गया।
महिलाओं को योजनाओं का लाभ लेने के लिए किया प्रेरित
वार्ड क्रमांक 2 की पार्षद विजयलक्ष्मी माली और वार्ड क्रमांक 7 के पार्षद दरबार सिंह आर्य ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपस्थित वार्ड की महिलाओं को फल वितरित किए। उन्होंने महिलाओं से आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ लेने की बात कही। साथ ही बच्चों और महिलाओं के हित में शासन की योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
बच्चों को हाथ धोने की दी सीख
आयोजन के दौरान बच्चों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि भोजन करने से पहले साबुन से हाथ अच्छी तरह धोना चाहिए। साथ ही घर और आसपास के परिसर को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
वार्ड 7 और 9 में भी आयोजन
सेवा संकल्प अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 7 और 9 में भी आंगन का मेला आयोजित किया गया। इन कार्यक्रमों में संबंधित वार्ड पार्षदों की मौजूदगी रही। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, माताओं-बहनों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजनों के माध्यम से सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
