आगर-मालवा। शनिवार शाम थाना कानड़ अंतर्गत ग्राम गुरासिया में दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय बालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन और ग्रामीणों के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति द्वारा जंगल क्षेत्र में चलाई गई गोली बालक के सिर में जा लगी।
मृतक की पहचान रवि सूर्यवंशी (13) पिता गोपाल सूर्यवंशी निवासी गुरासिया के रूप में हुई है। रवि अपने बाड़े में गाय बांधकर लौट रहा था, तभी अचानक गिर पड़ा और सिर से खून बहने लगा। बड़े भाई कन्हैया सूर्यवंशी ने बताया कि पहले लगा कि वह ठोकर खाकर गिर गया है, लेकिन जब उसे आगर के अस्पताल ले जाया गया और सिटी स्कैन किया गया, तब पता चला कि उसके सिर में गोली फंसी हुई है।
डॉक्टरों के अनुसार, गोली आंख के पास से प्रवेश कर सिर के पिछले हिस्से में फंस गई थी, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। प्राथमिक उपचार के बाद रवि को इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
हर्ष फायर या शिकार की गोली होने की आशंका
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के आसपास का क्षेत्र घना जंगल है, जहां जंगली खरगोश, सुअर और नीलगाय के शिकार के लिए लोग अक्सर आते हैं। कई बार ग्रामीणों ने प्रशासन को शिकायतें दीं कि जंगल में लोग अवैध शिकार करते हैं और कभी-कभी गांव के आसपास गोलियों की आवाज भी सुनाई देती है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
तकनीक संसाधनों से जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी आर.के. दांगी अपने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर गहन जांच की गई और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एमवाय चौकी प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही गोली के प्रकार और दूरी का खुलासा हो सकेगा।
