आगर मालवा। अंतरराष्ट्रीय पुष्टिमार्गीय वैष्णव परिषद शाखा आगर द्वारा सत्यनारायण गली स्थित अस्तर के मंदिर में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर आयोजित विभिन्न मनोरथ उत्सवों की श्रृंखला में गुरुवार को गोवर्धन लीला मनोरथ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन पर्वत धारण करने की दिव्य लीला का सुंदर दर्शन कराया गया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी शशि उपाध्याय सपरिवार शामिल हुईं और भगवान गोवर्धननाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने गिरिराज जी के स्वरूप पर माल्यार्पण कर श्रद्धाभाव से पूजन किया।
इस दौरान उपस्थित वैष्णव श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी उपाध्याय ने कहा कि आगर थाना कोतवाली में अपने एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान उन्होंने इस प्रकार के दो-तीन धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया है। लेकिन इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति देखकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से ओत-प्रोत इस भव्य आयोजन में आकर उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है मानो वे पुलिस अधिकारी नहीं, बल्कि एक सामान्य श्रद्धालु हों।
उन्होंने कहा कि यहां का आध्यात्मिक एवं भक्तिमय वातावरण पुलिस सेवा के तनावपूर्ण माहौल से कुछ समय के लिए दूर ले गया। वैष्णव मातृशक्ति को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने हमें यह संदेश दिया है कि जीवन में चाहे कितना भी बड़ा संघर्ष आए, हमें हमेशा हंसते और मुस्कुराते हुए आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम में पधारने पर अंतरराष्ट्रीय पुष्टिमार्गीय वैष्णव परिषद शाखा आगर द्वारा उपाध्याय का शाल, श्रीफल, पुष्पमाला, उपरना एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान-अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर परिषद के राष्ट्रीय सदस्य प्रदीप मेठी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रवीण अटल सहित अनेक सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की जानकारी परिषद के सचिव गोविंद गुरु द्वारा दी गई।
