देर रात एसपी ने किया सुसनेर थाने का आकस्मिक निरीक्षण मालखाना, बंदीगृह और शस्त्रागार की व्यवस्थाएं देखीं, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश

 

 

ब्यूरो – दारासिंह आर्य

 

आगर मालवा/सुसनेर। पुलिस अधीक्षक आगर-मालवा दिलीप कुमार सोनी ने मंगलवार देर रात सुसनेर थाने का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल मालवीय सहित थाना बल मौजूद रहा।

एसपी सोनी ने थाना परिसर का भ्रमण करते हुए मालखाना, बंदीगृह, शस्त्रागार, CCTNS कक्ष, कार्यालयीन शाखाओं और रिकॉर्ड संधारण व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। मालखाने में प्रकरणों से संबंधित जब्त सामग्री एवं संपत्ति के सुरक्षित और व्यवस्थित रख-रखाव की जानकारी लेते हुए अभिलेखों को नियमानुसार अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

बंदीगृह के निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई और बंदियों से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। वहीं शस्त्रागार में शासकीय शस्त्रों एवं कारतूसों के रख-रखाव, उनकी स्थिति और रिकॉर्ड का परीक्षण कर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

एसपी ने अपराध पंजीयन, विवेचना, लंबित प्रकरणों एवं ऑनलाइन रिकॉर्ड की स्थिति की समीक्षा करते हुए CCTNS पर सभी आवश्यक प्रविष्टियां समय-सीमा में पूर्ण एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित अपराधों और शिकायतों, विवेचना की प्रगति, वारंटों की तामीली तथा प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की भी जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने तथा फरियादियों की शिकायतों पर संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

रात्रि गश्त में विशेष सतर्कता के निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र की रात्रिकालीन गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की प्रभावी चेकिंग, संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी, अपराधों की रोकथाम तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

इस दौरान एसपी सोनी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन, सतर्कता एवं तत्परता के साथ कर्तव्य निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में व्यावसायिक दक्षता के साथ आमजन के प्रति संवेदनशील, विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार भी आवश्यक है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live