शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का सम्मान, राधा-कृष्ण बनो प्रतियोगिता में बच्चों ने मोहा मन

 

कानड़ । स्थानीय नेताजी सुभाष पब्लिक हायर सेकंडरी स्कूल में शिक्षक दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान के साथ विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों में सहभागिता की। वहीं प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित राधा-कृष्ण बनो प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद जेविका शर्मा, गरिमा त्रिवेदी एवं अवनि दुबे ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। कक्षा 11वीं की छात्रा सलोनी पाठक एवं कविता चौहान ने गणेश वंदना पर नृत्य की प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध किया।

 

विद्यार्थियों ने शिक्षकों को भेंट किए उपहार

 

शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों को सम्मान स्वरूप आकर्षक उपहार एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए और उनका आशीर्वाद लिया। कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों ने शिक्षकों के लिए चेयर रेस और पहेली बूझो प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता में हारने वाले शिक्षकों को डांस अथवा भजन प्रस्तुत करना पड़ा, जिससे कार्यक्रम में हास-परिहास का माहौल बना रहा। संस्था की ओर से भी सभी शिक्षकों को आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर रानू फूलेरिया, कविता चौहान, लक्ष्मी गुजराती एवं रुखमणी मालवीय ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों पर प्रकाश डाला।

 

राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे बच्चे

 

प्राथमिक सेक्शन के विद्यार्थियों के लिए राधा-कृष्ण बनो प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा-कृष्ण की आकर्षक वेशभूषा में सजकर पहुंचे। बच्चों ने भजनों पर मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों का मन मोह लिया। संस्था की ओर से सभी प्रतिभागी बच्चों को आकर्षक उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष जीवनप्रसाद शर्मा, प्राचार्य कृष्णचंद्र शर्मा, प्रधानाध्यापक राधेश्याम बरेठा, प्रगणेश दुबे, गौरव चावड़ा, शिवनारायण परमार, अनोखीलाल जामालिया बोरखेड़ी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दीपक बोस ने किया। आभार एवं जानकारी मीडिया प्रभारी दीपक सेन ने दी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live