शिक्षक दिवस पर श्री संस्कार अकैडमी में शिक्षकों का सम्मान

 

विद्यार्थियों ने तिलक लगाकर पुष्प भेंट किए, 25 वर्षों की सेवा पर अंजुम फारूकी को सिल्वर जुबली अवॉर्ड

 

 

आगर मालवा । शिक्षक दिवस के अवसर पर श्री संस्कार अकैडमी में शिक्षकों के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें तिलक लगाया, पुष्प भेंट किए तथा चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम की रूपरेखा कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों ने तैयार की। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षकों के लिए विभिन्न मनोरंजक गेम्स, डांस और टास्क आयोजित किए। साथ ही शिक्षकों को आकर्षक टाइटल प्रदान कर कार्यक्रम को उत्सव का रूप दिया। विद्यार्थियों ने ग्रीटिंग कार्ड एवं प्रेरणादायी कोटेशन के माध्यम से भी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में विद्यालय के शिक्षकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्यों के लिए बेस्ट इंस्पायरिंग टीचर, बेस्ट टीचर, बेस्ट एकेडमिक परफॉर्मेंस, डेडीकेटेड टीचर, एक्टिविटी कोऑर्डिनेटर तथा रेगुलर एवं पंक्चुअल टीचर सहित विभिन्न श्रेणियों में विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए।

विद्यालय में लगातार 25 वर्षों तक अपनी सेवाएं देने वाली अंजुम फारूकी मैडम को उनकी दीर्घकालीन एवं समर्पित सेवाओं के लिए विशेष ‘सिल्वर जुबली अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के संचालक डॉ. पंकज अटल ने कहा कि आज के दौर में शिक्षक बनना आसान कार्य नहीं है। शिक्षक केवल विषय का ज्ञान ही नहीं देता, बल्कि अपने त्याग, अनुशासन और संस्कारों से बच्चों के व्यक्तित्व का निर्माण करता है। शिक्षक की मर्यादा को बनाए रखने के लिए जीवन में कई व्यक्तिगत इच्छाओं और सुविधाओं का त्याग करना पड़ता है। शिक्षक बनना आसान है, लेकिन इस धर्म का निर्वहन करना बड़ी चुनौती है। यही चुनौती शिक्षक को बच्चों के जीवन निर्माण और उन्हें सफलता की ओर ले जाने के लिए प्रेरित करती है।

कार्यक्रम में विद्यालय के पूर्व छात्र एवं एल्डरमैन पार्षद अंकित तोमर ने पुरस्कार वितरण में सहयोग किया। उन्होंने अपने विद्यालय जीवन एवं बाल्यकाल के संस्मरण विद्यार्थियों के साथ साझा किए। साथ ही अपने गुरुओं को प्रणाम कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम के माध्यम से गुरु-शिष्य परंपरा, सम्मान, स्नेह और संस्कारों का सुंदर संदेश दिया गया। समारोह ने शिक्षक दिवस को श्री संस्कार अकैडमी परिवार के लिए यादगार अवसर बना दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live