श्रीकृष्ण पर्व में भक्ति गीतों और नृत्य नाटिका ने बांधा समां संस्कृति विभाग के कलाकारों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां, देर

देर रात तक भक्तिमय रहा मुरली मनोहर मंदिर परिसर में 

आगर मालवा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को आगर-मालवा में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। जिला मुख्यालय स्थित श्री मुरली मनोहर मंदिर सहित विभिन्न श्रीकृष्ण मंदिरों में धार्मिक आयोजन हुए। संस्कृति विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से श्री मुरली मनोहर मंदिर में शाम 7 बजे श्रीकृष्ण पर्व का आयोजन किया गया। इसमें संस्कृति विभाग के कलाकारों ने भक्ति गायन और नृत्य नाटिका की प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में उज्जैन के कलाकार सुंदरलाल मालवीय एवं साथी कलाकारों ने श्रीकृष्ण भक्ति पर आधारित भजनों की संगीतमय प्रस्तुति दी। भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक भाव-विभोर नजर आए। भक्ति गीतों से मंदिर परिसर श्रीकृष्णमय हो गया।
इसके बाद उज्जैन की कलाकार कशिश सितलानी एवं साथियों ने श्रीकृष्ण केंद्रित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। नृत्य, संगीत और अभिनय के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, प्रेम और लोकमंगल की भावना को मंच पर जीवंत किया गया। प्रस्तुति का दर्शकों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, एसडीएम मिलिंद ढोके, एसडीओपी मोतीलाल कुशवाह सहित सुश्री विजयलक्ष्मी तंवर, अशोक प्रजापत, सत्यनारायण मालवीय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
कला-संस्कृति से जोड़ी आस्था
श्रीकृष्ण पर्व का उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी आस्था को कला और संस्कृति से जोड़कर नई पीढ़ी तक उनकी जीवन-दृष्टि एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को पहुंचाना है। गीत, संगीत और नृत्य के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं को भक्ति के साथ सांस्कृतिक अनुभूति भी कराई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live