विश्व साक्षरता दिवस पर लोलकी स्कूल में हुआ सामूहिक पठन कार्यक्रम

विश्व साक्षरता दिवस पर लोलकी स्कूल में हुआ सामूहिक पठन कार्यक्रम

विद्यार्थियों और शिक्षकों ने साथ बैठकर पढ़ीं पुस्तकें, बच्चों ने साझा किए अनुभव

आगर मालवा/लोलकी। विश्व साक्षरता दिवस के अवसर पर मंगलवार को एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय लोलकी में सामूहिक पठन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नियमित रूप से पढ़ने की आदत विकसित करने के साथ ही पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम के तहत सुबह 10:30 से 11:30 बजे तक विद्यार्थियों और शिक्षकों ने साथ बैठकर पठन गतिविधि में सहभागिता की। विद्यार्थियों ने विद्यालय के पठन कोने एवं पुस्तकालय से अपनी पसंद की पुस्तकें और कहानियां चुनीं तथा एकाग्रता के साथ उनका पठन किया।

पठन के बाद विद्यार्थियों को पढ़ी गई कहानी अथवा पुस्तक के संबंध में अपने विचार, अनुभव और पसंद साझा करने का अवसर दिया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपनी बात रखी तथा पुस्तकों से मिली सीख को अपने साथियों के साथ साझा किया।

इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों के साथ स्वयं पुस्तकें पढ़ीं और बच्चों को नियमित पठन के लिए प्रेरित किया।

शाला प्रभारी अजय जैन ने कहा कि पठन केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे बच्चों की कल्पनाशक्ति, भाषा कौशल, चिंतन और अभिव्यक्ति क्षमता का भी विकास होता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में पुस्तकों के प्रति आत्मीय जुड़ाव पैदा करने के साथ उन्हें नियमित रूप से पढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय परिवार ने “साथ पढ़ें, साथ सीखें और पढ़ने का आनंद साझा करें” का संदेश दिया। विद्यार्थियों के लिए यह आयोजन पढ़ने और सीखने का आनंददायक एवं प्रेरणादायी अनुभव रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live