आगर-मालवा। भारतीय किसान संघ जिला इकाई आगर-मालवा ने वर्तमान कलेक्टर के किसानों के प्रति कथित नकारात्मक एवं असंवेदनशील रवैये को लेकर जिले की सभी तहसीलों की ग्राम समितियों से पोस्टकार्ड अभियान चलाने का आह्वान किया है।
किसान संघ के जिला मंत्री राघुसिंह चौहान ने तहसील अध्यक्षों, मंत्रियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को जारी सूचना में कहा है कि प्रत्येक ग्राम समिति से मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम पोस्टकार्ड लिखवाए जाएं। ग्राम स्तर पर किसान सामूहिक रूप से पोस्टकार्ड के साथ फोटो लेकर उसे सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित करें तथा पोस्टकार्ड को निकटतम डाकघर के पोस्ट बॉक्स में डालें।
किसान संघ ने जिले में आयोजित होने वाले जनविश्वास अभियान में भी किसानों की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया है। संगठन का कहना है कि अभियान के दौरान कलेक्टर के समक्ष किसानों से जुड़े फसल बीमा, राजस्व संबंधी मामलों और बिजली बिलों सहित विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा और अधिकारियों से इन मुद्दों पर जवाब मांगा जाएगा।
भारतीय किसान संघ ने तहसील एवं ग्राम स्तर के पदाधिकारियों से अभियान को प्रभावी बनाने और अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।
