सड़क सुरक्षा के लिए छात्रों और ग्रामीणों को किया जागरूक
आगर-मालवा। पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में टीम ने ग्राम पंचायत थड़ौदा पहुंचकर स्कूली छात्रों और ग्रामीणों को यातायात नियमों की जानकारी दी।
यातायात विभाग के एसआइ विक्रम सिंह चौहान ने छात्रों को सड़क पर सुरक्षित आवागमन के तरीके समझाए। उन्होंने स्कूल आते-जाते समय सड़क पार करते वक्त दोनों ओर देखकर आगे बढ़ने तथा वाहनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी।
ग्रामीणों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए कहा गया। साथ ही वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखने और यातायात संकेतों का पालन करने की जानकारी दी।
अभियान के दौरान ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों से जुड़े सवाल भी पूछे। एसआइ चौहान ने सवालों के जवाब देते हुए नियमों का पालन करने से होने वाले लाभ बताए और सुरक्षित यातायात के लिए सभी से सहयोग की अपील की।
