आगर-मालवा। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित विपक्षी गठबंधन के सांसदों और वरिष्ठ नेताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार एवं लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने इस दिन को लोकतंत्र के लिए काला दिवस बताते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता छावनी स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर परिसर में एकत्रित हुए। यहां कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों की आवाज दबाने के बजाय उनकी बात सुनी जानी चाहिए। शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन प्रत्येक नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है। संविधान में दिए गए अधिकारों और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित विपक्षी गठबंधन के सांसदों के समर्थन में आवाज बुलंद की। कांग्रेस ने केंद्र सरकार से जनप्रतिनिधियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने और लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। जानकारी जिला मीडिया प्रभारी सचिन खरे ने दी।
