कलेक्टर ने बलराम कृषि महोत्सव की तैयारियों का लिया जायजा

 

 

नई कृषि उपज मंडी का निरीक्षण कर सोयाबीन नीलामी प्रक्रिया देखी, किसानों से की चर्चा

 

आगर-मालवा। कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने गुरुवार को नई कृषि उपज मंडी आगर का निरीक्षण किया। उन्होंने 9 अक्टूबर को होने वाले बलराम कृषि महोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया। कलेक्टर ने मंच, किसानों के बैठने, पार्किंग और पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

इसके बाद कलेक्टर सोयाबीन नीलामी शेड में पहुंचे। उन्होंने नीलामी प्रक्रिया देखी और किसानों से उपज की बिक्री, तौल और भुगतान की जानकारी ली। उन्होंने मंडी सचिव को नीलामी समय पर शुरू कराने और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

6417 रुपये क्विंटल मिला भाव

कलेक्टर ने गंगापुर-बड़ौद के किसान कनीराम की सोयाबीन की तौल प्रक्रिया भी देखी। व्यापारी ने उनकी उपज 6417 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से खरीदी थी। किसान ने बताया कि इस वर्ष सोयाबीन की उपज अच्छी हुई है और भाव भी बेहतर मिला है। उन्होंने करीब 18 बोरी सोयाबीन बेची है। मंडी में उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।

 

24 हजार क्विंटल सोयाबीन की आवक

 

व्यापारियों और किसानों ने कलेक्टर को बताया कि मंडी में इन दिनों करीब 24 हजार क्विंटल सोयाबीन की आवक हो रही है। व्यापारियों को बैंकों से पर्याप्त नकदी नहीं मिल पा रही है। इससे किसानों को नगद भुगतान करने में परेशानी आ रही है।

कलेक्टर ने कहा कि समस्या उनके संज्ञान में है। इसके समाधान के लिए जल्द कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों और व्यापारियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिला उप संचालक कृषि, मंडी सचिव अश्विनी सिन्हा, मंडी स्टाफ, व्यापारी और किसान मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live