बस स्टैंड के पास आतिशबाजी की दुकानें, हादसे का खतरा

 

 

ऊपर से गुजर रही  11 केवी बिजली लाइन, नीचे दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही; सुरक्षा इंतजामों को लेकर उठ रहे सवाल

 

आगर-मालवा। दीपावली पर्व को लेकर नगर पालिका ने मुख्य बस स्टैंड के पास अस्थायी रूप से आतिशबाजी की दुकानें नीलाम कर आवंटित की हैं। यहां दीपावली पर लक्ष्मी पूजन और अन्य आयोजनों के लिए शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग आतिशबाजी खरीदने पहुंचेंगे। हालांकि, जिस स्थान पर ये दुकानें लगाई गई हैं, वहां की परिस्थितियों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

 

मुख्य बस स्टैंड शहर का व्यस्ततम क्षेत्र है। यहां दिनभर यात्रियों, आम नागरिकों और छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। बसों के अलावा बाइक, कार और इलेक्ट्रिक वाहनों का भी लगातार आवागमन होता है। ऐसे व्यस्त स्थान पर आतिशबाजी की दुकानें संचालित होने से किसी भी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। खास बात यह है कि दुकानों के ठीक ऊपर से 11केवी बिजली के तार भी गुजर रहे हैं। ऐसे में आतिशबाजी की दुकानों के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों और बिजली के तारों से संबंधित जोखिम को लेकर भी स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है।

 

पहले भी हो चुकी हैं आगजनी की घटनाएं

 

आतिशबाजी ज्वलनशील सामग्री की श्रेणी में आती है। ऐसे में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर दुकानों के संचालन के दौरान विशेष सावधानी और सुरक्षा इंतजाम जरूरी होते हैं। पूर्व में भी घनी आबादी और व्यस्त बाजारों में आतिशबाजी की दुकानों में आग लगने की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिनमें जान-माल का नुकसान हुआ है। ऐसे में बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थान के समीप आतिशबाजी की दुकानें लगाने से पहले सुरक्षा के सभी पहलुओं की जांच जरूरी है।

 

सुरक्षा इंतजामों की जांच जरूरी

 

अब सवाल यह है कि नगर पालिका और संबंधित प्रशासन ने दुकानें आवंटित करने से पहले मौके का निरीक्षण किया या नहीं? दुकानों के आसपास अग्निशमन यंत्र, पानी और आपातकालीन व्यवस्था उपलब्ध है या नहीं? साथ ही हाईटेंशन लाइन के नीचे और आसपास दुकानें लगाने की अनुमति किन सुरक्षा मानकों के आधार पर दी गई है? दीपावली के दौरान यहां बड़ी संख्या में खरीदार पहुंचेंगे। ऐसे में प्रशासन को समय रहते सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि त्योहार की खुशियों के बीच किसी तरह की अप्रिय घटना की स्थिति निर्मित न हो।

 

बड़ी लाइट के नीचे आतिशबाजी की दुकानें लगाई गई हे तो में कर्मचारी को बोल कर दिखवाता हु साथ ही नोटिक भी जारी किए जायेंगे, रत्नेश आयाची अधीक्षक विद्युत वितरण कंपनी आगर मालवा

बस स्टैंड के पास आतिशबाजी की दुकानें लगाई गई हे। वहाँ से बिजली की लाइट निकली हे तो में दिखवा लेता हु, कुछ अपडेट तो नहीं हुआ हे। एसडीएम कमल मंडलोई आगर मालवा

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live