ब्यूरो दारा सिंह आर्य
आगर-मालवा। जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने शुक्रवार को ग्राम बाईगांव में उद्यानिकी विभाग के सहयोग से प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के अंतर्गत स्थापित जय शिव मावा भंडार यूनिट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इकाई के संचालक हितग्राही कमल झलाया से चर्चा कर उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन व्यवस्था की जानकारी ली।
हितग्राही कमल झलाया ने बताया कि यूनिट के माध्यम से प्रतिदिन लगभग एक क्विंटल मावा का उत्पादन किया जा रहा है। इकाई के संचालन से चार लोगों को रोजगार मिला है तथा प्रतिमाह करीब 30 से 35 हजार रुपए की शुद्ध आय प्राप्त हो रही है।
कलेक्टर ने यूनिट में मावा आधारित उत्पादों के प्रसंस्करण, गुणवत्ता, स्वच्छता और पैकेजिंग की व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि इस इकाई की कुल लागत 15 लाख रुपए है, जिस पर हितग्राही को शासन की ओर से 35 प्रतिशत सब्सिडी का लाभ मिला है।
कलेक्टर ने कहा कि पीएमएफएमई योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को प्रोत्साहन मिल रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर बढ़ने के साथ ही रोजगार सृजन और महिला सशक्तीकरण को भी बढ़ावा मिल रहा है।
उन्होंने हितग्राही को उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने, स्थानीय बाजार के साथ ऑनलाइन विपणन से जुड़ने और विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को योजना के हितग्राहियों को निरंतर मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी, जिला पंचायत सीईओ बीएस सोलंकी, डिप्टी कलेक्टर अर्पिता राय, उपसंचालक उद्यानिकी अर्जुन सिंह राजपूत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
