ई-टोकन से होगा खाद वितरण ई-विकास प्रणाली से किसानों को मिलेगी पारदर्शी व रियल टाइम सुविधा

आगर मालवा। किसानों को उर्वरक वितरण में पारदर्शिता, सरलता और रियल टाइम निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में 1 जनवरी 2026 से ई-विकास प्रणाली अंतर्गत ई-टोकन के माध्यम से खाद वितरण व्यवस्था लागू की जा रही है। यह व्यवस्था कलेक्टर प्रीति यादव के निर्देशन में शासन द्वारा जिले में सुनिश्चित की जा रही है। कृषि विभाग जिला उपसंचालक विजय चौरसिया ने बताया कि 

ई-टोकन प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आज गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण में जिले के सभी रिटेलर, विक्रेता एवं गोदाम प्रभारियों को शामिल किया जाएगा।

दो चरणों में होगा प्रशिक्षण

प्रशिक्षण कार्यक्रम को दो चरणों में आयोजित किया गया है।

प्रथम चरण में प्रातः 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक सहकारी समितियों, विपणन समितियों, विपणन संघ, एमपी एग्रो सहित प्राथमिक संस्थाओं के प्रबंधक, ऑपरेटर एवं गोदाम प्रभारी उपस्थित रहेंगे।

द्वितीय चरण में दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक जिले के समस्त निजी थोक एवं रिटेल विक्रेताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

रियल टाइम स्टॉक व टोकन प्रक्रिया की मिलेगी जानकारी

प्रशिक्षण में रियल टाइम स्टॉक डिस्प्ले, ई-टोकन जनरेट करने की प्रक्रिया, प्रणाली से जुड़ी सावधानियों सहित सभी तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि खाद वितरण के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रशिक्षण मास्टर ट्रेनर्स द्वारा दिया जाएगा, जिससे सभी स्टॉक होल्डर्स को नई प्रणाली की पूर्ण जानकारी मिल सके और जिले में खाद वितरण सुचारु, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से किया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live