ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में 20 मई को आगर जिले के मेडिकल स्टोर रहेंगे बंद

 

आगर-मालवा। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के आह्वान पर 20 मई 2026, बुधवार को आगर-मालवा जिले के मेडिकल स्टोर संचालक भी राष्ट्रव्यापी बंद में शामिल होंगे। संगठन ने अवैध ई-फार्मेसी, ऑनलाइन दवा कंपनियों द्वारा दी जा रही भारी छूट तथा दवा व्यापार पर बढ़ते संकट के विरोध में यह निर्णय लिया है।

AIOCD के अनुसार देशभर के 12.40 लाख से अधिक केमिस्ट एवं दवा वितरक इस आंदोलन में भाग लेंगे। संगठन का कहना है कि ऑनलाइन फार्मेसी प्लेटफॉर्म बिना उचित भौतिक सत्यापन के दवाओं की बिक्री कर रहे हैं, जिससे मरीजों की सुरक्षा और जनस्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है। विशेष रूप से एंटीबायोटिक्स एवं नशीली दवाओं की अनियंत्रित उपलब्धता से एंटी-माइक्रोबियल रेसिस्टेंस (AMR) जैसी समस्या बढ़ रही है।

संगठन ने आरोप लगाया कि बड़े कॉरपोरेट समूह “डीप डिस्काउंट” के माध्यम से छोटे मेडिकल व्यापारियों को बाजार से बाहर करने का प्रयास कर रहे हैं। इसका सबसे अधिक प्रभाव ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों के छोटे मेडिकल स्टोर संचालकों पर पड़ रहा है। यदि यही स्थिति रही तो भविष्य में दवाओं की सुलभ आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

AIOCD ने केंद्र सरकार से कोविड-19 काल में जारी अस्थायी अधिसूचना G.S.R. 220(E) को तत्काल निरस्त करने तथा ई-फार्मेसी से संबंधित अधिसूचना G.S.R. 817(E) वापस लेने की मांग की है। साथ ही ऑनलाइन कंपनियों द्वारा दी जा रही अनुचित छूट पर रोक लगाने हेतु समान व्यापारिक अवसर की नीति लागू करने की मांग भी उठाई गई है।

 

आगर जिला केमिस्ट एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अनिल शर्मा एवं जिला सचिव योगेश पांडे, सुरेंद्र कुमार राठौर, राजेश मेठी, दारा सिंह आर्य,ने जानकारी देते हुए बताया कि 20 मई को जिलेभर के मेडिकल स्टोर सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक बंद रखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन दवा विक्रेताओं के अस्तित्व और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए किया जा रहा है। जिले के सभी मेडिकल संचालकों से बंद को सफल बनाने की अपील की गई है।

संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गौतम चंद धींग ने कहा कि यह आंदोलन केवल व्यापारिक हितों का नहीं बल्कि मरीजों की सुरक्षा और दवा व्यवस्था को बचाने का भी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया तो आगे अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा।

जिले के मेडिकल संचालकों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था पूर्व में ही कर लें, ताकि बंद के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Agar Live