आगर मालवा। बिजली वितरण कंपनी ने उपभोक्ताओं को साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील की है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि वह कभी भी उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की APK फाइल डाउनलोड करने के लिए नहीं भेजती है। यदि किसी व्यक्ति द्वारा वाट्सएप या अन्य माध्यम से ऐसी फाइल भेजी जाती है, तो उसे तुरंत नजरअंदाज करें, क्योंकि APK फाइल डाउनलोड करने पर उपभोक्ता साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो सकते हैं। कंपनी के अनुसार इन दिनों कुछ ठग उपभोक्ताओं को “रात 9.30 बजे बिजली काट दी जाएगी” जैसे संदेश भेजकर डराने का प्रयास कर रहे हैं। इसके साथ ही APK फाइल डाउनलोड करने का लिंक भी भेजा जा रहा है, जिसके माध्यम से मोबाइल हैक कर ऑनलाइन राशि हड़पने की घटनाएं हो सकती हैं।
बिजली कंपनी के अधीक्षक रत्नेश अयाची ने स्पष्ट किया है कि अधिकृत संदेश केवल विधिवत एसएमएस या अधिकृत वाट्सएप माध्यम से भेजे जाते हैं। ऐसे संदेशों पर “mpsebw-s” अथवा “mppkvvc” लिखा होता है और इनमें किसी निजी मोबाइल नंबर का उल्लेख नहीं रहता।
कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध संदेश, लिंक या फाइल पर क्लिक न करें और साइबर ठगों के झांसे में आने से बचें। यदि किसी उपभोक्ता को किसी संदेश को लेकर संदेह हो, तो वह तुरंत अपने संबंधित जोन कार्यालय या वितरण केंद्र से संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकता है।
बिजली वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री रत्नेश अयाची ने कहा है कि जागरूकता और सतर्कता ही साइबर फ्रॉड से बचाव का सबसे बड़ा माध्यम है।
